बाबा हरिदास नगर इलाके में रविवार रात संपत्ति विवाद को लेकर एक युवक ने अपने पिता और सौतेली मां को गोली मार दी। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान पिता की मौत हो गयी। जबकि महिला की हालत नाजुक बनी हुई। महिला के बेटे के बयान पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की शिनाख्त नाहर सिंह (55) के रूप में हुई है। जबकि घायल महिला की पहचान सुमन (53) के तौर पर हुई है। नाहर सिंह सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त हुआ था। रविवार रात साढ़े सात बजे पुलिस को सूचना मिली कि सैनिक एंक्लेव में एक युवक ने अपने पिता और सौतेली मां को गोली मार दी है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को राव तुलाराम अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान नाहर ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने सुमन की तबियत बिगडने के बाद उसे इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया है।
- फोटो : अमर उजाला
मौके पर पुलिस को सुमन का बेटा दीपक मिला। उसने अपने बयान में बताया कि उसके पिता सोराज सिंह की आठ साल पहले देहांत हो गया था। इससे पूर्व से ही उसकी मां नाहर सिंह के साथ रहने लगी थी।
वह तीन भाई बहन है। पिता की मौत के बाद वह नाहर सिंह को अपना पिता मानने लगा। नाहर सिंह के दो बेटा और दो बेटी है। उनके बेटे दिगंबर और राहुल सैनिक एंक्लेव में रहते हैं।
दीपक के मुताबिक पांच छह साल से नाहर सिंह के दोनों बेटे उससे प्लॉट उनके नाम करने के लिए कह रहे थे।
नाहर सिंह ने उनसे कहा था कि दीपक और सुरज की शादी हो जाने के बाद प्रॉपर्टी को बराबर-बराबर में बांट देगा लेकिन उसके बेटों ने नाहर सिंह और सुमन को जान से मारने की धमकी देते थे। रविवार शाम दिगंबर घर पहुंचा और नाहर से झगड़ा करने लगा लेकिन घर पर मौजूद लोगों ने मामला शांत करवा दिया।
डंडे से की पिटाई कर फरार
- फोटो : अमर उजाला
कुछ देर बाद दिगंबर वापस आया और उसने नाहर सिंह को गोली मार दी। सुमन जब बीच बचाव के लिए पहुंची तो दिगंबर ने उसे भी गोली मार दी। इसी दौरान दिगंबर का दोनों चाचा योगेंद्र और नागेंद्र भी वहां पहुंचे और सुमन को इसके लिए जिम्मेदार बताते हुए उसकी डंडे से पिटाई कर फरार हो गये।
दीपक के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर देर रात आरोपी दिगंबर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।