फरीदाबाद में बाइक सवार झपटमार रोजाना घटनाओं को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते हैं और पुलिस इन्हें ढूंढती रह जाती है। ऐसे ही दो मामलों में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में झपटमारों ने एक महिला व पुरुष को निशाना बनाया और मोबाइल व नगदी छीनकर फरार हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पहली घटना थाना सेक्टर-31 क्षेत्र में सामने आई, जिसमें समृद्धि कोचर निवासी सेक्टर-15ए ने बृहस्पतिवार को थाना सेक्टर-31 में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि 6 जुलाई की रात सवा नौ बजे वह बड़खल मोड़, सेक्टर-28 के पास से जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश आए और उनका मोबाइल छीन कर फरार हो गए।
वहीं, दूसरे मामले में बल्लभगढ़ की शिव शारदा कॉलोनी में रहने वाले जीतू ने थाना सेक्टर-55 पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सात जुलाई को सेक्टर-25 में उसे कुछ बदमाशों ने रोका और 5500 रुपये व मोबाइल छीन कर फरार हो गए। दोनों ही मामलों में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।