रबूपुरा पुलिस ने बुधवार देर रात शराब व नशे की दवाओं के तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से तस्करी कर लाई जा रही हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब और नशीली दवाइयां भी बरामद की गई हैं।
पुलिस ने तस्कर सत्यपाल पुत्र लालचंद को गिरफ्तार कर टेंपो को भी जब्त कर लिया है। इस टेंपो के नंबर प्लेट पर दो तरह के नंबर लिखे थे। थाना प्रभारी विनोद कुमार पांडे ने बताया कि तस्करों के खिलाफ एसएसपी के निर्देश पर बुधवार देर रात साथ रबूपुरा-भाईपुर मार्ग पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।
तभी हरियाणा की ओर से एक टेंपो आता दिखा। पुलिस को देखकर उसने वापस भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसे पकड़कर तलाशी ली तो टेंपो में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब व नशीली गोलियां बरामद हुईं।
टेंपो के नंबर प्लेट पर आगे व पीछे के नंबर भी अलग-अलग थे। पुलिस ने शराब व नशीली दवाइयां जब्त कर ली हैं। टैंपो भी जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की पहचान फरीदाबाद के थाना सेक्टर-55 के गांव झाडसेतली निवासी सत्यपाल पुत्र लालचंद्र के रूप में हुई है।