पहले फेसबुक पर दोस्ती की और पार्टी लेने के बहाने आरोपी पीड़ित के घर जा पहुंचा। उसने उसे शराब पिलाई और फिर पीड़ित के घर से नकदी व महंगा सामान चुरा लिया। आरोपी ने चुराए गए काफी सामान को ओएलएक्स पर बेच दिया। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से चोरी का काफी सामान बरामद हुआ है।
अपराध शाखा के संयुक्त पुलिस आयुक्त रविंद्र यादव के अनुसार गांधी विहार निवासी किशन गोपेन मैत्रेई ने शिकायत की थी कि उसकी फेसबुक पर सोनू से दोस्ती हुई थी। सोनू ने उसे एक दिन उसके घर पार्टी करने के लिए कहा।
सोनू ने पार्टी में उसे शराब पिलाई, नशा होने के कारण गोपेन सो गया था। इसके बाद आरोपी घर से नकदी, लैपटॉप, दो लग्जरी घड़ी, चार महंगे मोबाइल फोन, और अन्य सामान चुराकर ले गया। तिमारपुर थाना पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू की। आरोपी को पकड़ने के लिए अपराध शाखा में तैनात इंस्पेक्टर पीसी यादव की टीम को लगाया गया।
तफ्तीश के बाद आरोपी इमरान उर्फ सोनू (27) को पकड़ लिया गया। आरोपी गुलाओथी, जिला बुलंदशहर, उत्तरप्रदेश का रहने वाला है। आरोपी इमरान ने पूछताछ में खुलासा किया है कि वह पहले तिमारपुर में स्क्रेप डीलर था। इस व्यवसाय में उसे भारी घाटा हो गया, जिसके बाद वह अपने गांव चला गया। उसने फेसबुक पर सोनू के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाई। उसने पीड़ित को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर दोस्ती की।
जिसके बाद दोनों बात करने लगे। इस दौरान आरोपी ने सोची समझी साजिश के तहत पीड़ित के घर पार्टी का इंतजाम करवाया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी पहले कितनी वारदातों को अंजाम दे चुका है।