करोलबाग इलाके में मंगलवार रात बाइक सवार बदमाशों ने कपड़ा कारोबारी पर ताबड़तोड़ गोली बरसा कर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त प्रदीप कपूर (55) के रूप में हुई है।
वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदीप को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरोंm ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रसाद नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि रंजिश में प्रदीप की हत्या हुई। घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से मामले की छानबीन की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, प्रदीप परिवार के साथ संतनगर, प्रसाद नगर में रहते थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा व बेटी है। प्रदीप की टैंक रोड में गारमेंट शॉप है। मंगलवार देर रात को वह दुकान बंद कर स्कूटर से अकेले घर लौट रहे थे।
इस बीच जैसे ही वह रविदास मार्ग पर पहुंचे। अचानक सामने से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। दो गोली प्रदीप के पेट में लगी। हमले के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस को प्रदीप के पास से उनका कीमती सामान ज्यों का त्यों मिला है।