क्षेत्र के कस्बा बिलासपुर निवासी एक युवक ने चौकी इंचार्ज पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। युवक पुराने नोट बदलने के लिए लाइन में लगा था। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसएसपी से करने की बात कही है।
बिलासपुर कस्बा निवासी नफीस ने बताया कि वह शनिवार को कस्बे में स्थित पीएनबी बैंक में पांच सौ और हजार रुपये के नोट बदलने के लिए लाइन में खड़ा था। उसी वक्त एक अन्य व्यक्ति लाइन में उसके आगे लगने का प्रयास करने लगा, इसको लेकर दोनों में कहासुनी हो गई।
आरोप है कि वहां मौजूद बिलासपुर चौकी इंचार्ज ने नफीस को लाइन से बाहर निकालकर गाली गलौज कर दी। विरोध करने पर चौकी इंचार्ज ने अन्य पुलिसकर्मियों को बुलाकर डंडे से पिटाई कर दी।
पुलिस द्वारा युवक को बेरहमी से पीटते देख लोगों ने किसी तरह बीच बचाव कर बचाया। चौकी इंचार्ज की पीटाई से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दनकौर थाना प्रभारी शैलेंद्र प्रताप का कहना है कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है।