कल्याणपुरी इलाके में मंगलवार दोपहर मात्र 100 रुपये खो जाने से परेशान युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की शिनाख्त शिवम (18) के रूप में हुई है। उसे डर था कि रुपये गुम हो जाने पर उसके पिता से डांट पड़ेगी। पड़ोसियों ने उसे समझाने का भी प्रयास किया था। लेकिन हताश होकर उसने फांसी लगा ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, शिवम परिवार के साथ 19 ब्लॉक, कल्याणपुरी में रहता था। इसके परिवार में पिता जांचू, मां और एक छोटी बहन हैं। शिवम के माता-पिता दोनों छोटा-मोटा काम करते हैं। मंगलवार को उसके पिता ने किसी काम के लिए शिवम को 100 रुपये दिए थे। लेकिन रुपये कहीं गिर गए।
इसके बाद शिवम काफी परेशान हो गया। आसपास मौजूद लोगों से उसने रुपये मिलने के बारे में पूछा। पड़ोसियों ने उसे समझाया भी लेकिन वह परेशान ही रहा। दोपहर 1.15 बजे उसने पहली मंजिल स्थित एक कमरे में फांसी लगा ली। वारदात के समय कोई भी उसके घर पर मौजूद नहीं था। पड़ोसियों ने उसे फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।