सर्वेंट वेेरिफिकेशन फॉर्म पर लगाया राहुल गांधी का फोटो
- फोटो : अमर उजाला
राहुल गांधी के नाम और फोटो लगे सर्वेंट वेरिफिकेशन फार्म के सत्यापन के मामले में बृहस्पतिवार को नया मोड़ आ गया। जांच में पता चला कि एचआरसी सोसायटी निवासी अरुण शर्मा के नौकर कुबेर के फार्म में छेड़छाड़ कर फोटोशॉप के जरिए राहुल गांधी की फोटो लगाने के बाद उनका नाम लिखा गया है।
पुलिस ने अरुण की शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस मामले में आरडब्ल्यूए पर भी सवाल उठने लगे हैं। उधर, पुलिस का कहना है कि फोटोशॉप के बाद जो मोहर फार्म पर लगाई गई है, वह फर्जी है। देर रात पुलिस ने आरडब्ल्यूए ऑफिस के कर्मचारियों राजू और आकाश के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसएचओ इंदिरापुरम गोरखनाथ यादव ने बताया कि फार्म की जांच की गई तो पता चला है कि बीते सोमवार (23 मई) को अरुण शर्मा के नौकर कुबेर निवासी देहरादून (उत्तराखंड) ने शिप्रा सनसिटी चौकी से पुलिस वेरिफिकेशन कराकर फार्म सोसायटी के आरडब्ल्यूए कार्यालय में जमा करवाया था।