उत्तरी दिल्ली के कोतवाली इलाके में कारोबारी का 15 साल पुराना नौकर दगा दे गया। मालिक ने अपने नौकर को पांच लाख रुपये बैंक में जमा कराने भेजा, लेकिन बजाए बैंक में जमा कराने के आरोपी रुपये लेकर रफूचक्कर हो गया।
पीड़ित ने जब उससे संपर्क करने का प्रयास किया तो उसके दोनों मोबाइल बंद मिले। छानबीन के बाद जब नौकर का कुछ पता नहीं चला तो पीड़ित ने पुलिस को मामले की सूचना दी।
छानबीन के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस की एक टीम आरोपी श्योदान की तलाश में राजस्थान भी रवाना हो गई है।
पुलिस के मुताबिक चांदनी चौक निवासी पीड़ित ब्रह्मदेव शर्मा का दरियागंज इलाके में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का शोरूम है। ब्रह्मदेव के पास पिछले करीब 15 सालों से श्योदान नामक नौकर काम करता था।
पुराना होने के कारण श्योदान ब्रह्मदेव का विश्वासपात्र हो गया था। अक्सर वह उससे मोटी रकम लाने, ले जाने भेज देता था। मंगलवार दिन में ब्रह्मदेव ने पाच लाख रुपये लेकर उसे चांदनी चौक स्थित एक बैंक में रुपये जमा कराने भेजा। लेकिन श्योदान न बैंक में रुपये जमा कराने पहुंचा और न ही रुपये लेकर वापस आया।
ब्रह्मदेव ने श्योदान को कॉल करने का प्रयास किया, लेकिन उसके दोनों मोबाइल बंद मिले। शक होने पर ब्रह्मदेव ने उसके जानकार लोगों से उसके बारे में पूछा तो उसके गायब होने का पता चला। बाद में ब्रह्मदेव ने कोतवाली थाना पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी श्योदान को तलाश कर रही है।