सेक्टर-13 स्थित सिंडिकेट आशियाना सोसायटी के गार्डों ने बहादुरी दिखाते हुए महिला से पर्स छीनकर भाग रहे एक बदमाश को धर दबोचा, जबकि उसका साथी भाग गया। लोगों ने बदमाश की जमकर धुनाई की।
सेक्टर 13 निवासी केतकी श्रीवास्तव शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे रिश्तेदार पूनम के साथ मार्केट से घर लौट रही थीं। घर के पास दो युवक पैदल ही पीछे से आए और केतकी के हाथ से बैग छीन लिया।
केतकी ने शोर मचाया तो दोनों अटल चौक की ओर भागने लगे। शोर सुनकर सिंडिकेट आशियाना सोसायटी के गार्ड मोहित और पवन ने बदमाशों के पीछे दौड़ लगा दी और बैग लेकर भाग रहे बदमाश को धर दबोचा।
लोगों ने बदमाश की धुनाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। सीओ इंदिरापुरम अतुल यादव ने बताया कि दूसरे बदमाश की तलाश की जा रही है।
ग्रीन बेल्ट पर फेंका बैग
पकड़े गए बदमाश ने भागते समय ग्रीन बेल्ट में बैग फेंक दिया था। बदमाश की निशानदेही पर बैग बरामद कर लिया गया है। पकड़ा गया बदमाश समीर निवासी कैला भट्टा है, जबकि दूसरे साथी के बारे में पूछताछ की जा रही है।