रोहिणी सेक्टर-23 में दो सगी बहनों ने फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। एक ही चुन्नी से दोनों का शव पंखे से लटका मिला। मृतकों के पास से सुइसाइड नोट भी बरामद किया गया है। इसमें माता-पिता की मौत के बाद से भाई और भाभी पर उनकी उपेक्षा करने की बात कही गई है।
पुलिस के मुताबिक, सीमा चौधरी (26) व पारुल चौधरी (24) परिवार के साथ विनायक अपार्टमेंट में किराए के फ्लैट में रहती थीं। इनके साथ भाई आर्यन चौधरी, भाभी नैना और दो बच्चे भी रहते हैं। बुधवार को नाश्ता करने के बाद दोनों बहनें अपने कमरे में चली गईं।
दोपहर को भाई ने दरवाजा खटखटाया तो दरवाजा नहीं खुला। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में अपार्टमेंट के सिक्योरिटी गार्ड प्रदीप कुमार ने दरवाजा तोड़ा।
भाई ने दरवाजा खटखटाया पर नहीं खुला
कमरे के पंखे से दोनों बहनें फंदे से लटकी हुई मिलीं। शवों को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया। कमरे की तलाशी लेने पर पुलिस को कोई सुइसाइड नोट नहीं मिला। शुरूआती छानबीन के बाद पुलिस को पता चला है कि दोनों बहनों ने घरेलू कलह के चलते आत्महत्या का कदम उठाया है।
बता दें कि सीमा सेक्टर-24 के एक पब्लिक स्कूल में टीचर थी। वहीं पारुल 12वीं पास करने के बाद घर में ही रहती थी। करीब पांच साल पूर्व इनके पिता सुदर्शन चौधरी और सात साल पहले मां गुजर चुकी है।
भाई आर्यन का इलाके में गारमेंट का कारोबार है। पुलिस आर्यन व उसकी पत्नी नैना से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। आर्यन ने पुलिस को बताया कि बुधवार को दोनों ने उसके साथ नाश्ता किया था।
दोनों एकदम ठीक लग रही थीं। पुलिस ने दोनों बहनों की मोबाइल कॉल डिटेल निकलवाई है। सुइसाइड करने के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
दोनों एकदम ठीक लग रही थीं
- फोटो : Getty
रिश्तेदारों का कहना है कि माता-पिता की मौत के बाद दोनों काफी परेशान और उदास रहने लगी थीं। पांच साल पहले भाई आर्यन ने नेपाली मूल की लड़की नैना से शादी कर ली। पारिवारिक सूत्रों की मानें तो नैना की दोनों बहनों से नहीं बनती थी।
उनकी अक्सर कहासुनी भी हो जाती थी। इसी कलह की वजह से पारुल ने स्कूल पास करने के बाद कॉलेज में दाखिला भी नहीं लिया। सीमा भी अपना खर्चा निकालने के लिए एक निजी स्कूल में पढ़ा रही थी।
सीमा और पारुल के एक रिश्तेदार ने बताया कि दोनों बहनें घूमने की बात कर हरिद्वार गई थीं। मंगलवार शाम को ही वे फ्लैट पर पहुंचीं। अगले ही दिन दोनों ने फांसी लगा ली। बिल्डिंग के सिक्योरिटी गार्ड ने बताया कि दोनों बहनें घर से कम ही निकलती थी। करीब ढाई माह पूर्व आर्यन ने फ्लैट किराए पर लिया था। जहां वह पत्नी बच्चों व दोनों बहनों के साथ रहता था।