दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेस-वे पर एक स्कॉर्पियों चालक ने खूब दबंगई की। एक गाड़ी से टक्कर स्कॉर्पियो चालक को इतनी नागवार गुजरी कि बीच-बचाव के लिए आए ट्रैफिक एएसआई के साथ ही उसने धक्कामुक्की शुरू कर दी।
मामला बढ़ता देख एएसआई ने तुरंत पुलिस को सूचना दी जिसके बाद डीएलएफ थाना पुलिस ने आरोपी स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए रातभर जेल की हवा खिला दी।
यह भी पढ़ें: लग्जरी गाड़ियों में हो रही है शराब की तस्करी
सोमवार को दिल्ली से भूपेंद्र नाम का शख्स स्कॉर्पियों गाड़ी से फर्रूखनगर जा रहा था। शंकर चौक के पास गाड़ी ओवरटेक करते समय पीछे से आ रही कार से उसकी हल्की सी टक्कर हो गई। इस बात से गुस्साए स्कॉर्पियो चालक ने बीच रास्ते गाड़ी रोक गाड़ी चालक से बहस शुरू कर दी।
सुबह के समय शंकर चौक पर वाहनों का दबाव अधिक होने के चलते जाम की स्थिति बन गई। इस पर ट्रैफिक पुलिस एएसआई सुरेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंच जब दोनों चालकों को गाड़ी साइड में लगाने की बात कही तो एक चालक ने कार साइड कर ली लेकिन स्कॉर्पियो चालक को यह बात इतनी नागवार गुजरी की वह उल्टा एएसआई के साथ ही बहस करने लगा।
स्कॉर्पियो चालक ने अपने आपको कई मंत्रियों और अधिकारियों का खास बताते हुए एएसआई को सस्पेंड कराने की धमकी तक दे दी। इस पर एएसआई ने जब पुलिस में मामला दर्ज करने की बात कही तो चालक उसके साथ धक्कामुक्की करने लगा। मामला बढ़ता देख एएसआई ने तुरंत डीएलएफ फेज दो थाना पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्कॉर्पियो चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी स्कॉर्पियों चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।