समयपुर बादली इलाके में मंगलवार दोपहर एक युवक ने अपनी पत्नी की रॉड से पीट-पीट कर हत्या कर खुद ट्रेन के सामने छलांग लगाकर जान दे दी। युवक के पास एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें उसने लिखा है कि पत्नी ने उसका जीना हराम कर दिया है।
जिसकी वजह से वह काफी परेशान है। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार मृतक दंपति की पहचान दीपक यादव(38) और शीलू(31) के रूप में हुई है।
दीपक सपरिवार बादली गांव में रहता था। वह मारुति शोरूम में सेल्स एक्जीक्यूटिव का काम करता था। शीलू मूलत: भिवानी की रहने वाली थी। उसका परिजन नांगलोई में रहते हैं। दंपति का एक आठ साल का बेटा है। जो रोहिणी सेक्टर 15 स्थित एक स्कूल में दूसरी कक्षा में पढ़ता है।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार दोपहर दंपति का बेटा स्कूल में था। करीब डेढ़ बजे उनके बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान दीपक ने लोहे के रॉड से शीलू के उपर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
'बहुत परेशान हो गया हूं..अब और बर्दाश्त नहीं कर सकता'
पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
शीलू की घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद दीपक घर से एक किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर गया और वहां ट्रेन के सामने छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दीपक के शव को कब्जे में कर लिया। पुलिस को तफ्तीश के दौरान शीलू का शव घर में पड़ा मिला। पुलिस को मौके से तीन पन्ने का एक सुसाइड नोट मिला।
जिसमें दीपक ने लिखा था कि पत्नी ने उसका जीना हराम कर रखा है। मैं बहुत परेशान हो गया हूं। अब और बर्दाश्त नहीं कर सकता। पुलिस को आशंका है कि पत्नी की हत्या करने के बाद उसने सुसाइड नोट लिखा है।
स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला है कि शीलू अपने पति के चरित्र पर शक करती थी। जिसकी वजह से दंपति के बीच अकसर झगड़ा होता था।