यूपी में बदायूं गैंगरेप कांड के बाद हुए बवाल के बावजूद हैवानियत की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन कहीं न कहीं ऐसी वारदात सामने आ रही है।
गाजियाबाद के मुरादनगर की श्रमिक बस्ती में एक शादीशुदा व्यक्ति ने विकलांग महिला को अपने घर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़ित दंपति आरोपी के घर 200 रुपये उधार लेने गए थे। आरोपी ने पीड़िता के पति को शराब लेने भेज दिया और महिला के साथ दुष्कर्म किया। रविवार शाम पति की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बिजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।
'पत्नी को लाओ तभी मिलेगा पैसे'
पुलिस ने बताया कि पीड़िता अपने पति के साथ कूड़ा बीनकर परिवार पालती है। शुक्रवार दोपहर दो बजे श्रमिक बस्ती महेंद्रपुरी में पीड़िता का पति एक दुकानदार से दो सौ रुपये उधार मांगने गया था।
दुकानदार ने उससे कहा कि वह पैसे उसकी पत्नी की जमानत पर देगा। इस पर वह अपनी पत्नी को दुकानदार के पास ले आया। उसके बाद दुकानदार ने पति को सौ रुपये निवाड़ी रोड से शराब लेने भेज दिया।
आरोप है कि पति के जाने के बाद दुकानदार ने विकलांग महिला को जबरन अपने कमरे में खींच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
माता-पिता को बताई आपबीती
शराब लेने गया महिला का पति जब वापस लौटा तो पत्नी की हालत देखकर सन्न रह गया।
महिला के पति ने बताया कि घटना वाले दिन उसके माता-पिता गाजियाबाद किसी परिचित के यहां गए हुए थे। वे लोग रविवार को घर लौटे तो पीड़िता ने उनको आपबीती सुनाई।
परिजनों ने सारी घटना जानने के बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।