देश की राजधानी दिल्ली में रेप का एक ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया है जिसे सुनकर दिल्ली पुलिस ही नहीं हर कोई हैरान है।
यहां एक महिला ने अपने मरे हुए पति पर रेप करने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर वसंत कुंज (नार्थ) थाना पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इस मामले में आरोपी पति की मौत कई साल पहले ही हो चुकी है। पुलिस के सामने यह केस आने के बाद से हर कोई अचरज में है।
13 साल की उम्र में हुई थी गायब
पुलिस के अनुसार घिटोरनी निवासी शबनम (बदला हुआ नाम) सात वर्ष पहले गायब हो गई थी। उस समय उसकी उम्र 13 वर्ष थी। तब पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया था।
अब सात साल बाद पुलिस ने शबनम को जगतपुरी से ढूंढ निकाला है। अब वह 20 वर्ष की है। उसके दो बच्चे हैं। कुछ वर्ष पहले बीमारी की वजह से उसके पति की मौत हो गई थी।
पति के मौत के इतने साल तक वह क्यों खामोश रही इसका जवाब अभी तक नहीं सामने आ सका है।
घर से भागकर की थी शादी
पुलिस का कहना है कि शबनम ने घरवालों की मर्जी के खिलाफ घर से भागकर शादी की थी। उस समय वह नाबालिग थी। उसके पति ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे।
पुलिस ने शबनम से पूछताछ के बाद उसके मृत पति के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। इस केस में मृत पति के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किया जाएगा।