कुछ दिन शांत रहने के बाद एक फिर झपटमारों ने ताबड़तोड़ पांच वारदात कर पुलिस को खुली चुनौती दी है। लगातार चोरी और झपटमारी की बढ़ती वारदातों ने पुलिस की नींद उड़ा रखी है।
लाख प्रयासों के बावजूद पुलिस को झपटमारों का र्को सुराग नहीं लग रहा है। शुक्रवार दोपहर को बेटे को स्कूल से लेने जा रही एक महिला के गले से झपटमार चेन तोड़ ले गए।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने झपटमारी के चार मामले दर्ज किए, जिनमें तीन तो हाल फिलहाल के हैं, जबकि एक 30 अक्तूबर का है। इसी तरह बुधवार को पुलिस ने झपटमारी के तीन मामले दर्ज किए थे।
सेक्टर-37 निवासी पूनम देवी शुक्रवार दोपहर को करीब 1.30 अपने बेटे अंशुमन को स्कूल की छुट्टी होने पर लेने जा रहीं थी। अभी वे घर से कुछ ही दूर पर पहुंची थी कि सामने से काले रंग की मोटरसाइकिल पर दो युवक आए।
दोनों युवकों ने अपने मुंह पर रुमाल बांध रखा था। अचानक दोनों युवक महिला के नजदीक पहुंचे और पीछे बैठे युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। महिला दोनों को पकड़ने के लिए चिल्लाई भी सही मगर वहां उनकी मदद के लिए कोई नहीं था।
पूनम ने 100 नंबर पर पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची थाना सराय ख्वाजा पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। वहीं सेक्टर-55 निवासी रेखा देवी बुधवार को किसी काम से बाजार गई थीं। इस दौरान झपटमारों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।
दिल्ली मदनगीर निवासी रूपेश कुमार गत 14 नवंबर को किसी काम से बाईपास रोड सेक्टर-37 आया था। इस दौरान झपटमारों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया। इसी तरह सेक्टर-23 निवासी योगेश से मोटरसाइकिल सवार झपटमार सेक्टर-24 में मोबाइल फोन छीन कर फरार हो गए।
सेक्टर-2 बल्लभगढ़ निवासी रिया शर्मा ने सेक्टर-सात थाने में मामला दर्ज करवाया है कि 30 अक्तूबर को सेक्टर-10 मार्केट से झपटमार उसका मोबाइल फोन छीन कर ले गए थे। पुलिस ने सभी मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
झपटमारों ने बदली पुलिस की थ्योरी
पुलिस का मानना है कि सर्दियां शुरू होने के साथ ही झपटमारी की वारदातें थम जाती हैं। मगर लगातार बढ़ रही घटनाओं से झपटमारों ने पुलिस की इस थ्योरी को बदल दिया है। पुलिस का मानना है कि ठंड में गर्म कपड़ों व शॉल आदि ओढ़े होने के कारण चेन दिखाई नहीं देती है, इसके चलते वारदातों में कमी आ जाती है। बेशक अभी ठंड ने दस्त दी है, लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। इसके बावजूद भी वारदातें बढ़ रही हैं। हालांकि इसमें चेन झपटमारी की बजाय मोबाइल छीनने की वारदातें अधिक हो रही हैं। मोबाइल फोन पर बात करते जाते लोग मोटरसाइकिल सवार झपटमारों का आसान निशाना होते हैं।
पुलिस झपटमारों के पीछे लग रही है। जहां-जहां वारदात हुई हैं, उसके आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। झपटमारों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।- राजेश चेची, एसीपी क्राइम
हाल ही में हुई झपटमारी की घटनाएं
15 नवंबर - सेक्टर-31 में एक महिला का पर्स छीन लिया। पर्स में 15 हजार रुपये, मंगलसूत्र, कानों की बालियां व जरूरी कागजात थे।
15 नवंबर -सेक्टर-17 में महिला का पर्स झपटा, जिसमें तीन हजार रुपये थे।
15 नवंबर - सेक्टर-18 में एक व्यक्ति से मोबाइल छीना।