देवबंद से अपहरण कर लाई गई बच्ची को रेल यात्रियों की सूझबूझ की वजह से बचा लिया गया। गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पहुंची तो यात्रियों ने जीआरपी को सूचना दी और बच्ची को उनके हवाले कर दिया।
जीआरपी ने बच्ची के परिजनों को बुलाकर उसे उनके सुपुर्द कर दिया।वाकया शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे का है। देवबंद शुगर मिल कालोनी की रहने वाली पलक (10) इंटरसिटी ट्रेन से गाजियाबाद पहुंच गई।
पलक ने जीआरपी अधिकारियों को बताया कि एक महिला उसे घुमाने और खाने की चीज दिलाने का लालच देकर ट्रेन में ले आई। थोड़ी देर बाद बच्ची रोने लगी तो ट्रेन में बैठे अन्य यात्रियों को शक हुआ।
उन्होंने महिला से पूछताछ शुरू की तो अपहर्ता महिला बीच के किसी स्टेशन पर उतरकर भाग गई। ट्रेन के गाजियाबाद पहुंचने पर यात्रियों ने बच्ची को जीआरपी के हवाले कर दिया।
जीआरपी एसएसआई इंदप्राल सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचना देकर उन्हें बुलाया गया और बच्ची को उनके सुपुर्द कर दिया।