गाजियाबाद के विजय नगर थाना क्षेत्र में 12वीं कक्षा की छात्रा ने क्षेत्र के एक प्रापर्टी डीलर पर उसके साथ रेप करने का आरोप लगाया है।
छात्रा का कहना है कि युवक ने उसकी अश्लील क्लिप भी बना रखी है और दो लाख रुपयों की मांग करते हुए आरोपी इसे इंटरनेट पर सार्वजनिक करने की धमकी देता है।
छात्रा के परिवार ने इसकी शिकायत एसएसपी से की है। विजयनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
बेहोश करके किया दुष्कर्म, क्लिप भी बनाई
पीड़िता ने बताया कि छह माह पूर्व उसके पड़ोस में रहने वाले प्रापर्टी डीलर पवन ने स्कूल छोड़ने की बात कहकर उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया।
इसके बाद आरोपी उसे जीटी रोड स्थित एक होटल में ले गया। आरोप है कि नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर पवन ने उसके साथ रेप किया और मोबाइल से अश्लील फोटो व क्लिप बना ली।
पीड़िता ने बताया कि 27 जुलाई को पवन ने उसे प्रताप विहार स्थित अपने ऑफिस में बुलाया और दो लाख रुपयों की मांग की।
लड़की को दिखाई उसी की अश्लील क्लिप
मना करने पर आरोपी ने उसकी अश्लील क्लिप दिखाकर उसे इंटरनेट पर अपलोड करने की धमकी दी। इससे घबराकर छात्रा ने अपने परिजनों को जानकारी दी।
पीड़ित परिजन सोमवार को एसएसपी धर्मेंद्र सिंह से मिले और गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने पवन के खिलाफ रेप की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एसएचओ उपेंद्र कुमार यादव ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।