कल्याणपुरी इलाके में मछली नहीं बनाने पर एक व्यक्ति ने अपनी गर्भवती पत्नी की बुरी तरह पिटाई कर दी। शोर शराबा सुनकर पड़ोसी युवक महिला को बचाने के लिए आया तो आरोपी ने उस पर छूरे से हमला कर उसे जख्मी कर दिया। मारपीट का मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार नीतू अपने पति भरत और तीन साल की बेटी के साथ ईस्ट विनोद नगर में रहती है। भरत घर के पास सब्जी की दुकान करता है। बुधवार को भरत ने अपनी पत्नी को मछली बनाने के लिए कहा था।
दोपहर में जब वह घर पहुंचा तो मछली नहीं बनी थी। इस बात पर वह गुस्से में आ गया और आठ माह की गर्भवती पत्नी पर लात घूंसों से हमला कर दिया। शोर शराबा सुनकर काफी लोग वहां जमा हो गए, लेकिन किसी ने नीतू को बचाने की हिम्मत नहीं की। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला सुनील वहां पहुंचा और झगड़े के दौरान बीच-बचाव करने लगा।
गुस्से में भरत कमरे में गया और वहां से एक छूरा लेकर बाहर निकला। भरत ने सुनील की जांघ पर छूरे से हमला कर दिया। जख्मी होने के बावजूद सुनील ने भरत को दबोच लिया और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने भरत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सुनील और नीतू को इलाज के लिए लाल बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने सुनील की शिकायत पर भरत के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।