आबकारी टीम और थाना पुलिस ने सोमवार को विजयनगर बाईपास से 10 लाख रुपये कीमत की अवैध शराब बरामद की है। यह शराब हरियाणा से तस्करी कर गजरौला ले जाई जा रही थी।
पुलिस को चकमा देने के लिए तस्करों ने वाहन पर ‘डाक पार्सल’ लिखा हुआ था। तस्करों ने ट्रक में खुफिया चेंबर बनवा रखा था। उनके दो अलग नंबर की प्लेट भी बरामद हुई हैं।
आबकारी निरीक्षक अजय यादव ने बताया कि सूचना पर सोमवार तड़के बाईपास पर चेकिंग के लिए डाक पार्सल लिखे ट्रक को रुकवाया गया। तलाशी लेने पर ट्रक में खुफिया चैंबर बना मिला। इसमें 236 पेटी अवैध शराब बरामद हुई।
ट्रक चालक फुरकान व सीताराम को गिरफ्तार किया गया। दोनों पानीपत के रहने वाले हैं। पुलिस के हत्थे चढ़े तस्करों ने बताया कि वे हरियाणा से शराब लेकर गजरौला जा रहे थे।
होली पर डिमांड बढ़ने के चलते यह शराब महंगे दामों पर गजरौला में बेची जानी थी। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि अवैध शराब की बिक्री को रोकने के लिए आबकारी विभाग ने 22 फरवरी से 7 मार्च तक विशेष अभियान शुरू किया है।