आईआरबी परिसर में चारदीवारी तोड़कर बनाए रास्ते से गाड़ी निकालने से मना करने पर एक व्यक्ति ने साथियों के साथ मिलकर पुलिसकर्मी से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मी की राइफल लूटने की कोशिश की।
पुलिसकर्मी के बयान पर पुलिस ने एक पर नामजद व पांच अन्य पर मारपीट, जान से मारने की धमकी देने व राइफल लूटने की कोशिश का मामला दर्ज किया है। आईआरबी में तैनात हवलदार राम स्वरूप ने पुलिस को बताया कि परिसर में आने-जाने के लिए तीन रास्ते हैं।
नया गांव के पास से गुजरने वाले रास्ते के बगल में सुरेंद्र नाम के व्यक्ति ने परिसर की चारदीवारी तोड़कर अलग से रास्ता बना रखा है। इस रास्ते का इस्तेमाल दिन में ही किया जाता है। मगर बुधवार रात सुरेंद्र 10:00 बजे के बाद वहां से वाहन निकालना चाहता था।
मना करने पर उसने गांव के पांच अन्य लोगों को साथ मिलकर उससे मारपीट की और पुलिसकर्मी की राइफल लूटने का प्रयास किया। हवलदार का मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने सुरेंद्र व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने लिए छापेमारी की, मगर वह हत्थे नहीं चढ़ा।
पुलिस का कहना है कि आरोपी इंडियन ऑयल कंपनी के बॉटलिंग प्लांट में गैस के कारोबार से जुड़ा हुआ है। बताया गया है कि वह प्लांट से निकलने वाली गाड़ी को भी परिसर से निकालना चाहता है। आईआरबी व भोंडसी थाना पुलिस ने जल्द ही रास्ता बंद करने की योजना तैयार की है।