पीसीआर वैन का सायरन बजाने से खफा युवकों ने सिपाही की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। घटना के बाद वैन में मौजूद पुलिसकर्मियों ने एक युवक को दबोच लिया। जबकि दो अन्य फरार हो गए। पीड़ित सिपाही को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी शिकायत पर सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 12 बजे पुलिस को रेलवे कॉलोनी में मारपीट की जानकारी मिली। पीसीआर में तैनात सिपाही संजय और एएसआई हरवंश घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। सराय रोहिल्ला के उषा माता मंदिर के पास जाम लगा था।
सिपाही संजय ने पीसीआर का सायरन बजाकर वहां से निकलने की कोशिश की। इसी दौरान वहां बुलेट सवार युवक ने पुलिसकर्मियों को कहा कि सायरन बजाने के बदले सड़क पर उतर कर जाम हटा लें। एएसआई हरवंश पीसीआर से नीचे उतरे। बुलेट सवार उनसे कहासुनी करने लगा।
इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और उसमें से एक ने डंडे से सिपाही संजय पर हमला कर दिया। साथ ही लात-घूंसों से पिटाई करने लगे। इसी बीच दूसरी पीसीआर वैन पहुंच गई।
इतने में सभी युवक वहां से भागने लगे। पुलिस ने पल्सर बाइक पर सवार एक युवक को दबोच लिया। जबकि बुलेट व पल्सर सवार युवक अपनी वाहन छोड़कर फरार हो गए। पकड़े गये आरोपी की पहचान रेलवे कालोनी किशनगंज निवासी अमित राणा के रूप में हुई।