पश्चिम विहार इलाके में बेरीकेट पर रोकने से गुस्साए कार सवार एक दंपति ने हवलदार की पिटाई कर दी। पीड़ित हवलदार की शिकायत पर पुलिस ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट का मामला दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार निरंजन (50) दिल्ली पुलिस में बतौर हवलदार तैनात है। फिलहाल उसकी तैनाती पश्चिम विहार थाने में है। बुधवार को उसकी ड्यूटी पश्चिम विहार चर्च के पास सर्विस रोड पर थी। जहां वह बेरिकेट लगा रखा था। देर रात एक स्विफ्ट डिजायर कार वहां आकर रूकी।
कार चला रहे व्यक्ति ने निरंजन को बेरीकेट हटाने के लिए कहा लेकिन निरंजन ने रास्ता बंद होने और दूसरे रास्ते से जाने के लिए कहा। कार चला रहा युवक यह सुनकर गुस्से में आ गया और कार से नीचे उतरकर बेरीकेट को धक्का देने लगा।
निरंजन के मना करने पर युवक की पत्नी भी बाहर आ गयी और दोनों ने मिलकर निरंजन के साथ मारपीट करने लगे। दोनों ने उसकी वर्दी फाड़ दी। निरंजन ने इसकी सूचना थाने में दी। थाने से मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दंपति को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने निरंजन का मेडिकल करवाने के बाद उसके बयान पर मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गये आरोपियों की पहचान पश्चिम विहार निवासी राज कुमार व उसकी पत्नी तनुजा के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।