पुलिस की अपराध जांच शाखा की टीम ने चेन्नई स्थित हुंडई कंपनी से पांच कार पंजाब स्थित एक एजेंसी छोड़ने जा रहे कंटेनर में से करीब 15 लाख रुपये का चूरा पोस्त नशीला पदार्थ बरामद किया है। पुलिस ने चूरा पोस्त व कंटेनर को कब्जे लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। चालक को पुलिस ने अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है। कंटेनर में बरामद हुआ पदार्थ 23 कट्टों में भरा हुआ था।
डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने बताया कि सीआईए इंचार्ज विश्व गौरव को सोमवार की देर रात मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि एक कंटेनर जिसमें कारें लदी हुई हैं और उन कारों के साथ कुछ नशीले पदार्थ के कट्टे भी भरे हुए हैं। यह कंटेनर सोहना-पलवल मार्ग से गुजरने वाला है। टीम ने मुखबिर द्वारा बताई गई सूचना के आधार पर एक कंटेनर को सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव जैंदापुर के समीप पकड़ लिया।
जिसका नंबर (यूके-04,सीए-9103) था। जब पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली तो उसमें पांच कारें थीं। इनमें दो कार क्रेटा व तीन कार आई-10 ग्रांड की हैं। कारों के बीच में 23 प्लास्टिक के कट्टे रखे हुए थे। उनमें चूरा पोस्त नशीला पदार्थ भरा हुआ था। पुलिस ने मौके पर गांव आलीमेव निवासी चालक वकार अहमद पुत्र मकसुद अहमद को गिरफ्तार कर लिया और कंटेनर को अपने कब्जे में ले लिया।
प्लास्टिक के कट्टों में भरे पदार्थ का वजन किया गया तो वह 513 किलोग्राम मिला। इसकी कीमत बाजार में करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में चालक ने बताया कि कंटेनर को चेन्नई से पंजाब के लिए ले जाया जा रहा था। डीएसपी ने बताया कि आरोपी चालक को मंगलवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। उससे पूछताछ की जाएगी। इस मामले में और कौन-कौन शामिल हैं, इसका जल्द खुलासा होगा।