हाईटेक कही जाने वाली फरीदाबाद पुलिस सात साल में भी लापता हुए बच्चे को नहीं ढूंढ पाई। हैरानी की बात ये है कि पुलिस को ये भी नहीं पता है कि लापता हुआ बच्चा अभी जिंदा है भी या नहीं। बेटे की तलाश में मां बाप की आंखें पथरा गई है। आस लगाए बैठे मां बाप को अभी भी अपने लापता बच्चे के आने का इंतजार हैं।
बता दें कि एनआईटी पांच निवासी व्यापारी राजेश वैद्य का साढ़े चार वर्षीय बेटा पीयूष वैद्य घर के पास में ही बने पार्क में शाम के वक्त करीब 5:30 बजे खेल रहा था। उसके साथ बड़ा भाई उत्कर्ष भी पार्क में था। कुछ देर बाद उत्कर्ष घर आ गया और पीयूष पार्क में ही खेल रहा था।
करीब आधे घंटे बाद पीयूष की मां अरुणा उसकी तलाश में जब पार्क पहुंची तो वहां से पीयूष गायब था। आसपास तलाश करने और बच्चों से पूछताछ करने के बाद जब कुछ पता नहीं चला तो उन्होंने एनआईटी पुलिस को सूचना दी और मामला दर्ज कराया। पुलिस ने तमाम तप्तीश की।
एसआईटी तक का गठन कर दिया गया लेकिन पीयूष का सात साल बाद भी कुछ पता नहीं चल पाया। पीयूष को गायब हुए इसी बीस जनवरी को सात साल हो जाएंगे लेकिन पुलिस यही नहीं पता कर पाई कि पीयूष इस दुनिया में है भी या नहीं। परिजन दर दर की ठोकरें खा रहे हैं लेकिन इस आस में बैठे हैं कि एक दिन पीयूष जरूर आएगा। एनआईटी पुलिस अभी भी इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।