ओखला थाना पुलिस ने गोविंदपुरी थाने के घोषित बदमाश व नाबालिग समेत चार को पकड़ा है। घोषित बदमाश इलाके में जेबतराशों की कंपनी चला रहा था। वह जेबतराशों से चोरी का सामान व मोबाइल खरीदता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 22 मोबाइल बरामद किए हैं।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रात में बढ़ रही चोरी की वारदात को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ाई गई थी। ओखला थाने में तैनात एएसआई त्रिदेव, हवलदार दिलीप व रवि कुमार 13 जून की रात को डब्ल्यू ब्लॉक, ओखला औद्योगिक क्षेत्र, फेज-दो में गश्त कर रहे थे, तभी उन्हें शोर सुनाई दिया। उन्होंने देखा कि तीन युवक ऑटो से भागने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिसकर्मियों ने तीनों युवकों को पकड़ लिया। इनकी पहचान सुजीत कुमार, विशाल व एक नाबालिग के रूप में हुई। इनके कब्जे से चोरी के सात मोबाइल फोन, दो पर्स व अन्य सामान बरामद किया गया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह रात के समय घरों में चोरी करते हैं। उन्होंने बताया कि वह चोरी के मोबाइल फोन गोविंदपुरी के घोषित बदमाश शाहिद अली को बेचते हैं। इसके बाद एसआई राकेश शर्मा की टीम ने शाहिद अली को सी-लाल चौक से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि वह इलाके में जेबतराशों से चोरी के मोबाइल फोन खरीदता था और आगे लतीफ को बेचता था। इसके कब्जे से चोरी के 15 मोबाइल फोन जब्त किए गए। सुजीत के खिलाफ दस आपराधिक मामले दर्ज हैं। विशाल ऑटो चलाता है और वारदात में अपना ऑटो इस्तेमाल करता है। शाहिद के खिलाफ लगभग 12 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से चोरी व सेंधमारी के एक दर्जन मामलों को सुलझाने का दावा किया है।