नई दिल्ली जिले की चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने पिस्टल के बल पर अमेजोन की कैरियर वैन को लूटने की गुत्थी को कुछ ही घंटे में सुलझाने का दावा करते हुए सात आरोपियों को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपियों को वैन में लगे जीपीएस सिस्टम से गिरफ्तार किया गया है। कैरियर वैन व उसमें लोड ने काफी महंगे सामान को भी बरामद कर लिया गया है। गिरोह सरगना के कब्जे से एक पिस्टल व 18 कारतूस बरामद किए गए हैं।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार गांव सदरपुर, थाना कवि नगर, जिला गाजियाबाद, यूपी निवासी गोपाल अत्री पेशे से ड्राइवर है और अमेजन कंपनी में टाटा मैजिक चलाता है। सात जून की रात जब वह वैन से अमेजोन का सामान लेकर गुडग़ांव जा रहा था तो बुद्धा गार्डन के पास ईको कार में सवार बदमाशों ने वैन में टक्कर मारी और फिर पिस्टल के बल पर वैन लूट ली। साथ में गोपाल का भी अपहरण कर लिया।
उसके चेहरे पर लाल मिर्ची का पाउडर डालकर उसे राजौरी गार्डन इलाके में फेंक दिया था। मामला दर्जकर चाणक्यपुरी थानाध्यक्ष वीरेन्द्र जैन की देखरेख में एसआई श्रीकांत, अशोक, सुभाष व नवीन की टीम ने तफ्तीश शुरू की। गोपाल ने पुलिस टीम को बताया कि उसकी वैन में जीपीएस लगा हुआ था। पुलिस टीम ने जब वैन की जीपीएस से लोकेशन निकाली तो पता लगा कि वैन लोनी, गाजियाबाद में है। पुलिस टीम ने वैन को लोनी, गाजियाबाद में ढूंढ निकाला। पुलिस टीम ने लोनी में स्थित एक घर में दबिश देकर सात आरोपिं को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान गांव सिकंदरपुर, जिला बस्ती, यूपी निवासी पवन गुप्ता, गांव रघुनाथ, थाना खेरा, जिला उनाव, यूपी निवासी केशव कुमार, गांव परहार, थाना होचा, जिला मैनपुरी, यूपी निवासी अजय कुमार , करावल दिल्ली निवासी राहुल रास्तोगी, गांव टिट्रोडी, थाना सिंहावली जिला बागपत, यूपी निवासी मेहरूद्दीन,गांव तिलक ग्राम, जिला कन्नत, यूपी निवासी अमर वर्मा और रामेश्वर पार्क, लोनी, गाजियाबाद यूपी निवासी अमित उर्फ मामा के रूप में हुई।
पवन गुप्ता के कब्जे से एक पिस्टल व 18 कारतूस बरामद किए गए। आरोपियों ने करीब एक महीने पहले मंदिर मार्ग इलाके में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पवन पहले भी तीन मामलों में गिरफ्तार हो चुका है।