जुनैद हत्याकांड में आठ दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होना व जुनैद के भाई शाकिर व मोहसीन को जांच में शामिल न करना पुलिस को संदेह के घेरे में खड़ा कर रहा है। इस कांड में सबसे खास बात यह रही कि जिस रमेश ने पलवल स्टेशन पर जाकर जीआरपी रेलवे पुलिस को ट्रेन में झगड़ा होने व चाकू चलने की जानकारी दी, पुलिस ने दूसरे दिन सबसे पहले उसे ही आरोपी मानते हुए गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों का कहना है कि जब रमेश चौकी में सूचना देने गया तो पुलिस ने उसका मोबाइल नंबर व पता उससे ले लिया और दूसरे दिन जब ऊपर से दबाव पड़ा तो पुलिस ने रमेश को फोन कर बुलाया तथा उसे आरोपी दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया। वहीं, इस मामले में खांबी गांव के चार लोगों की गिरफ्तारी के बाद बढ़ रहे लोगों के आक्रोश ने पुलिस की सिरदर्दी और बढ़ा दी है। पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है।
आखिरकार चाकू कहां से आया?
ट्रेन में झगड़े के दौरान आखिरकार चाकू कहां से आया और कौन लेकर आया? इस बात का भी जीआरपी पुलिस द्वारा अभी तक कोई सुराग न लगा पाना भी पुलिस की कार्रवाई पर शक पैदा कर रहा है। यदि पुलिस की बातों को माना जाए तो चाकू आरोपियों के पास पहले से ही था, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो चाकू बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के रुकने के बाद ट्रेन में पहुंचा। सवाल यह उठ रहा है कि चाकू आरोपी पक्ष द्वारा मंगवाया गया, या फिर मृतक पक्ष के सार्थियों द्वारा लाया गया। पुलिस आज तक इस गुत्थी को भी नहीं सुलझा पाई है।
यदि पुलिस द्वारा आरोपियों से की गई पूछताछ के हिसाब से देखा जाए तो चाकू बल्लभगढ़ में ट्रेन में लाया गया। गिरफ्तार आरोपी रामेश्वर ने पूछताछ के दौरान दिए गए बयान में कहा है कि झगड़ा सीट को लेकर ओखला रेलवे स्टेशन पर शुरू हुआ था। जिसके बाद जुनैद व उसके साथी झगड़ा होने के साथ ही तुगलगाबाद स्टेशन पर लोगों द्वारा बीच-बचाव कराने पर उतरकर दूसरे डिब्बे में चले गए थे। बाद में न्यू टाउन स्टेशन पर चंद्र, गौरव और प्रदीप ट्रेन उस डिब्बे में चढ़ गए, जहां रामेश्वर तथा वह आरोपी जिसकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है, पहले से ही बैठे थे।
सूत्रों के मुताबिक जैसे ही ट्रेन बल्लभगढ स्टेशन पर पहुंची तो जुनैद व उसके अन्य साथी फिर से उसी डिब्बे में आ गए तथा फिर से दोनों पक्षों के बीच झगड़ा शुरू हो गया और इसी दौरान वहां चाकू निकल आया, लेकिन पुलिस आज तक यह खुलासा नहीं कर पाई है कि चाकू कौन ट्रेन में लेकर आया।