नोएडा के चर्चित निठारी कांड के आरोपी मोनिंदर सिंह पंधेर को पांच-पांच लाख रुपये के दस जमानती पेश करने पर ही रिहाई मिलेगी।
पंधेर के खिलाफ चल रहे पांचों मामलों में सीबीआई विशेष कोर्ट ने प्रत्येक मामले में पांच-पांच लाख रुपये के दो जमानती पेश करने का आदेश दिया है।
ऐसे में पांचों मामलों की जमानत देने के लिए पंधेर को दस जमानतियों की आवश्यकता पडे़गी।
बुधवार को मोनिंदर सिंह पंधेर के बेटे करण पंधेर ने बताया कि इलाहाबाद हाईकोर्ट का आर्डर सीबीआई विशेष न्यायाधीश एके गुप्ता की कोर्ट में पहुंच गया है।
इसी आदेश के तहत उन्होंने कोर्ट से जमानत मांगी। विशेष न्यायाधीश ने पांचों मामलों में अलग-अलग पांच-पांच लाख के दो-दो जमानती पेश करने का आदेश दिया है।
करण का कहना है कि आगामी एक-दो दिन में वह बेलबांड कोर्ट में पेश करेंगे।
कोर्ट में पेश हुए पंधेर और कोली
निठारी कांड के एक मामले में बुधवार को सीबीआई विशेष कोर्ट में फाइनल बहस हुई। इससे पूर्व डासना जेल में बंद निठारी कांड के आरोपी मोनिंदर सिंह पंधेर और सुरेंद्र कोली को कड़ी सुरक्षा में कोर्ट में पेश किया गया। मामले की सुनवाई के लिए कोर्ट ने अब 19 अगस्त नियत की है।