पहासू थाना क्षेत्र के गांव सोही में हुई बुजुर्ग गुलाम अहमद की हत्या के मामले में सोमवार को मुख्य हत्यारोपी गवेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल पल्सर बाइक और डंडा बरामद हो गया है।
पुलिस का दावा है गवेंद्र ने पूछताछ में कुबूल किया है कि छात्रा की बरामदगी को दबाव बनाने के लिए ही उन्होंने यूसुफ के पड़ोसी गुलाम अहमद का पहले अपहरण किया और बाद में हत्या। पुलिस चार आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है। जबकि, चार अन्य आरोपियों को पुलिस पकड़ने का प्रयास कर रही है।
एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि दो मई 2017 की सुबह करीब 9.30 बजे गांव सोही निवासी गवेंद्र अपने साथ हिंदू युवा वाहिनी के 5-6 कार्यकर्ताओं को लेकर युसूफ के गांव सोही पहुंचा था। वह यूसुफ के परिजनों को तलाश करते हुए जंगल पहुंच गया। वहां यूसुफ का पड़ोसी गुलाम अहमद उर्फ गुल्लू (60) की एक राय होकर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी।
मृतक के पुत्र वकील ने गवेंद्र और 5-6 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपियों के नाम संज्ञान में आने पर पुलकित, ललित और हनी राघव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी बीच पुलिस ने युवती को बरामद कर भगा ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
विवेचना के दौरान गुलाम हत्याकांड में आरोपी शिवा निवासी गांव अटेरना, सौरभ, टिल्लू, आशीष उर्फ भोला और माधव निवासी गांव फजलपुर थाना पहासू के नाम प्रकाश में आए। पुलिस ने सात मई 2017 में शिवा को गिरफ्तार कर लिया। शिवा की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल आल्टो कार बरामद कर ली थी।
एसएसपी ने बताया कि आठ मई 2017 की सुबह पुलिस ने सूचना पर खेड़ा नहर पुल के पास से मुख्य आरोपी गवेंद्र को पल्सर बाइक समेत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल एक डंडा भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में गवेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह योजनाबद्ध तरीके से युवती की बरामदगी के लिए दबाव बनाने को गुलाम अहमद के पास पहुंचे। वहां से गुलाम अहमद को बाइक पर बैठाकर करीब एक किलोमीटर दूर आम के बाग में ले गए।
वहां गुलाम की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। एसएसपी ने बताया कि गवेंद्र को जेल भेज दिया गया है। अन्य चार आरोपियों को तलाश किया जा रहा है।