गोकुलपुरी इलाके में डेढ़ साल की मासूम प्रशासन की लापरवाही की भेट चढ़ गई। घर के पास बनी गहरी नाली में गिरकर डेढ़ साल की मासूम आफिया की मौत हो गई। नाली की सफाई के दौरान सोमवार को मासूम का शव बरामद हुआ। परिजनों ने एमसीडी पर गहरी नाली के रखरखाव में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
वहीं मासूम के गायब होने के बाद रविवार देर रात को पुलिस के खोजी कुत्ते मौके पर पहुंचे थे, लेकिन वह भी मासूम का शव नहीं ढूंढ पाए। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए हैं। गोकुलपुरी थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक आफिया परिवार के साथ 278, गली नंबर-24, पुरानी मुस्तफाबाद में रहती थी। इसके परिवार में पिता मो.अय्यूब उर्फ मुन्ना, मां चांदनी और एक छोटा भाई मो. साद है। अय्यूब छोटा-मोटा काम करता है। रविवार शाम करीब 7.00 बजे आफिया घर के पास ही खेल रही थी। इस बीच वह अचानक गायब हो गई।