देश की राजधानी रेप कैपिटल में तब्दील होती जा रही है। दिल्ली पुलिस के कमिश्नर बीएस बस्सी के तमाम दावों के इतर रेप की की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
एक बार फिर दिल्ली के आरके पुरम में 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म होने का मामला आया है। आरोप है कि आरोपी, किशोरी के साथ एक वर्ष से दुष्कर्म कर रहा था।
वह किशोरी को बदनाम करने व जान से मारने की धमकी देकर गलत काम करता था। आरके पुरम थाना पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित किशोरी के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है।
सुलह के बाद फिर की शर्मनाक हरकत
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार 14 वर्षीय किशोरी आरके पुरम के एकता विहार में रहती है। किशोरी ने आरकेपुरम थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि आरोपी तस्लीम (40) एकता विहार में रहता है।
आरोपी ने एक वर्ष पहले उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसके बाद वह बदनाम करने व जान मारने की धमकी देकर दुष्कर्म करता रहा। आरोपी ने एक महीने पहले भी उसके साथ दुष्कर्म किया था।
किशोरी ने ये बात जब अपने परिजनों को बताई तो उनके और आरोपी के बीच झगड़ा भी हुआ था। हालांकि तब लोगों ने बीच-बचाव कर राजीनामा करा दिया।
मुर्गे बेचता है आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रविवार को किशोरी के साथ फिर छेड़छाड़ की। किशोरी ने ये बात अपने परिजनों को बताई और परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
आरकेपुरम थाना पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी तस्लीम मुर्गे बेचता है।