शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क थाना क्षेत्र में मंगलवार पुलिस की वर्दी पहने बाइक सवार बदमाशों ने स्कूटी सवार बुजुर्ग को लूट लिया। ट्रैफिक पुलिस की वर्दी में आए बदमाशों ने पीड़ित रविंद्र गुप्ता (60) को लाइसेंस देखने के बहाने रोका।
पीड़ित ने जैसे ही पर्स निकाला आरोपी पर्स व स्कूटी की चाबी लूटकर फरार हो गए। कुछ दूर आगे पुलिस पिकेट के पास बदमाश चाबी फेंककर फरार हो गए। आरोप है कि वारदात की शिकायत करने बुजुर्ग जब थाने पहुंचे तो पुलिस ने भी उन्हें थाने से टरकाने का प्रयास किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के दखल के बाद अब पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित रविंद्र गुप्ता परिवार के साथ राम नगर में रहते हैं। इनका अपना कारोबार है। मंगलवार को वह स्कूटी से झिलमिल औद्योगिक में किसी काम से आए थे।
इसी बीच अंडरपास के पास सफेद रंग की कमीज व नीले रंग की पेंट पहने दो युवकों ने ओवरटेक कर रविंद्र की स्कूटी रुकवा ली। खुद को पुलिसकर्मी बताकर आरोपियों ने उनसे लाइसेंस मांगा।
रविंद्र के मुताबिक दोनों ने अपने मुंह पर रुमाल बांधा हुआ था। जैसे ही रविंद्र ने पर्स निकाला आरोपियों ने झपट्टा मारकर उनसे पर्स व स्कूटी की चाबी लूट ली। पर्स में कुछ रुपये, डीएल के अलावा अन्य कीमती सामान मौजूद था।
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पीड़ित एमएस पार्क थाने शिकायत करने पहुंचे। रविंद्र का आरोप है कि कोर्ट के चक्कर काटने की बात उन्हें थाने से टरकाने का प्रयास किया। मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से की गई तो पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की।