मुथूटू में लूट करने वालों की तलाश में पुलिस की नौ टीमें दिल्ली और एनसीआर में दबिश दे रही हैं। हालांकि अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
दूसरी तरफ, पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की दुकानों और मकानों के बाहर सीसीटीवी फुटेज की तलाश की, पुलिस घटना में किसी पूर्व या वर्तमान कर्मचारी की भूमिका मान रही है।
मुथूटू मिनी फाइनेंस में बृहस्पतिवार को ताला लटका दिया गया। गेट पर नोटिस चस्पा हैं, जिस पर लिखा है कि तकनीकी कार्यों की वजह से राकेश मार्ग शाखा तीन दिन तक बंद रहेगी। नजदीकी शाखा पर संपर्क करने के लिए ग्राहकों से अनुरोध किया है।
राकेश मार्ग स्थित मुथूटू कंपनी की शाखा के आसपास दुकान करने वाले लोगों ने बताया कि सुबह दो-तीन लोग जानकारी लेने आए, लेकिन फिर वह नोटिस पढ़कर दूसरी शाखा पर चले गए।
एसएचओ ने बताया कि रिपोर्ट शाखा के असिस्टेंट मैनेजर नरेंद्र ने दर्ज कराई है। रिपोर्ट में एक लाख 28 हजार 33 रुपये और एक किलो 39 ग्राम सोना लूटा जाना लिखाया है।
बुधवार को बदमाशों ने राकेश मार्ग स्थित मुथूटू मिनी में लूटपाट की थी। पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया है कि शाखा से तीन माह पूर्व सिक्योरिटी गार्ड को नौकरी से निकाले जाने की वजह उसकी सेलरी थी। लूट में गार्ड की कमी कर्मचारियों को महसूस हुई।