दिल्ली में विदेशी लोगों के साथ घट रही घटनाएं थमने का नाम ही नहीं ले रही हैं। दिल्ली पुलिस की लाख कोशिशों और चौकसी के बावजूद ऐसी घटनाएं बढ़ती ही जा रही हैं।
ताजा मामला नेबसराय थाना इलाके का है। जहां सोमवार देररात जन्मदिन पार्टी में कुछ नाइजीरियन युवकों में विवाद हो गया। इस दौरान हुए चाकू से हमले में ओसिफो (34) की मौत हो गई, जबकि केल्विन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावर नाइजीरियन युवकों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस ने हत्या के एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पार्टी वाली जगह से कुछ सैंपल उठाए हैं। पुलिस ने नाइजीरियन एंबेसी को सूचना दे दी है।
लड़की को धक्का दिया तो हुआ बवाल
दक्षिण जिला पुलिस के अनुसार कृष्णा पार्क, खानपुर में रहने वाले नाइजीरियन युवक फ्राइडे का सोमवार को जन्मदिन था। उसने करीब 10-15 दोस्तों को रात में पार्टी में बुलाया था।
पार्टी में सभी ने जमकर ड्रग्स लिए। इसी बीच नशे में धुत्त एक नाइजीरियन लड़की हंगामा करने लगी। इस पर एक युवक ने उसे धक्का दे दिया। यह बात उसके दोस्त केल्विन को नागवार गुजरी और उसने हंगामा शुरू कर दिया।
फ्राइडे के दोस्त हैरी ने हंगामे का विरोध किया और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान हैरी ने केल्विन और ओसिफो पर चाकू से कई वार कर दिए।
दौड़ते-दौड़ते सड़क पर हो गए बेहोश
दोनों पर चाकू से हमला होने पर पार्टी में भगदड़ मच गई। इस दौरान ओसिफो और केल्विन भी जान बचाकर भागे, लेकिन ज्यादा खून बहने के कारण दोनों सड़क पर बेहोश हो गए।
उन्हें सड़क पर पड़ा देख किसी ने रात करीब एक बजे पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस केल्विन और ओसिफो को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने ओसिफो को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की छानबीन जारी है। इस मामले में मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया गया है।