िवजयनगर निवासी नेहा की हत्या का मुख्य आरोपी वसीम इलाही उर्फ अली पुलिस के चंगुल में आ ही गया। पूछताछ में वसीम ने कहा कि वह नेहा से शादी करना चाहता था, लेकिन नेहा की ज्यादा नजदीकी सोतीगंज निवासी बिलाल से थी। वो नहीं मानी तो मैंने उसे मार डाला।
पुलिस ने वसीम के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा और एक्टिवा स्कूटर बरामद किया है। हालांकि नेहा का मोबाइल फोन अभी बरामद नहीं हुआ है।
एसएसपी ओंकार सिंह ने हत्यारोपी वसीम के हवाले से बताया कि नेहा से वसीम की मुलाकात अक्तूबर 2013 में दिल्ली-यूपी बॉर्डर स्थित एक मॉल में हुई थी। उसके बाद से दोनों आनंद विहार गाजियाबाद के एक डिस्को क्लब में मिलने लगे।
वसीम का दावा है कि दोनों शादी करना चाहते थे। लेकिन इस बीच नेहा की जिंदगी में बिलाल आ गया। इस बात से वसीम परेशान हो गया था। वसीम ने नेहा की मां मधु को भी धमकी दी थी कि यदि नेहा ने उसकी बात नहीं मानी तो वह उसे जान से मार देगा।
वसीम ने कहा कि 17 अप्रैल की सुबह उसने नेहा को फोन करके कहा कि वह बस एक बार आकर उससे मिल ले। इसी बात पर नेहा दोपहर के समय मेरठ आई थी। बातचीत के बाद जब नेहा नहीं मानी तो वसीम ने अपने दोस्तों आसिफ और सुहेब के साथ मिलकर 17 अप्रैल की रात नेहा की जिमखाना मैदान के पास गोली मारकर हत्या कर दी।
एसएसपी ने बताया कि हत्या के बाद वसीम मुरादनगर जाकर छुप गया था। बृहस्पतिवार को वह कोर्ट में सरेंडर करने की तैयारी में था। दोपहर को जब वह कोर्ट जा रहा था तो उसे कोतवाली इंस्पेक्टर की टीम ने इंद्रा चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया।
बिलाल की गिरफ्तारी के लिए सोतीगंज में दबिश दी गई, लेकिन वह फरार है। गौरतलब है कि इस हत्याकांड के दो आरोपी आसिफ और सुहेब पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं।
वसीम नहीं चाहता था कि उसके चंगुल से निकले नेहा
मेरठ। पेशे से अटैची चोर वसीम ने एसएसपी के सामने खुलकर कहा कि ‘हां मैंने मारा है नेहा को’। पुलिस का कहना है कि वसीम नहीं चाहता था कि नेहा उसके चंगुल से निकले।
वसीम अपने दोस्तों से भी कहता था कि मैंने बड़ी मुश्किल से उसे अपने कब्जे में कर रखा था। जब नेहा बिलाल के संपर्क में थी तो उसे यह सहन नहीं हुआ।
निशा को तलाशने आएगी मेरठ पुलिस
इस केस में एक बेहद अहम कड़ी निशा, अभी पूरी पिक्चर से गायब है। पुलिस को सिर्फ इतना पता है कि वह गाजियाबाद की रहने वाली है। गाजियाबाद में कहां रहती है, ये किसी को नहीं पता। कोई लोनी तो तो कोई विजयनगर की रहने वाली बता रहा है। वह ब्यूटी पार्लर चलाती है।
ये भी चर्चा है। निशा के सामने आने से कई और राज खुल सकते हैं। मेरठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि निशा की तलाश में वे गाजियाबाद आएंगे। निशा के फोटोग्राफ और मोबाइल नंबर पुलिस के पास है। उसे तलाश कर बयान लिए जाएंगे।