जीआरपी ने चार माह में सात वीआईपी ट्रेनों में लाखों की लूट करने वाले ‘टैटू’ गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इसके पास से 315 बोर की पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस समेत लूट का करीब छह लाख का माल मिला है।
गैंग ने दिल्ली-गाजियाबाद स्टेशनों के बीच कई वारदातों को अंजाम दिया था। ये जानकारी रेलवे एसपी मुरादाबाद अरविंद कुलकर्णी ने बृहस्पतिवार को प्रेस कांफ्रेंस में दी।
उन्होंने बताया कि जीआरपी सीओ प्रीति बाला, थाना प्रभारी अशोक राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज लवानिया, साहिबाबाद चौकी प्रभारी आरके शर्मा और आरपीएफ पोस्ट कमांडर आरके कनौजिया की टीम ने बुधवार शाम 5.30 बजे स्टेशन के यार्ड के पास तीनों को दबोचा।
गैंग के ओम प्रकाश उर्फ पप्पी निवासी सुंदरपुरी गाजियाबाद के पास से 315 बोर का तमंचा, तीन जिंदा कारतूस व एक स्पाइस कंपनी का मोबाइल मिला है। इसने नया गाजियाबाद स्टेशन पर जम्मू स्पेशल ट्रेन में चोरी की थी। भूपेंद्र उर्फ वीरेंद्र सिंह निवासी रबूपुरा गौतमबुद्धनगर के पास से चाकू मिला है।
कोंड्री जॉन निवासी जिमखाना कालोनी बदरपुर दिल्ली के पास से चाकू, नोकिया 1100 मोबाइल मिला है। कोंड्री ने फरवरी में नई दिल्ली-देहरादून एसी स्पेशल में मुरादनगर स्टेशन के पास वारदात की थी। इनसे सात चेन, दो हार, कुंडल बरामद किए गए हैं। इन पर 50 से ज्यादा मुकदमे हैं।
ओम प्रकाश गैंगेस्टर में जेल जा चुका है। गिरोह का सरगना आकाश उर्फ विक्की निवासी जुआं थाना मोहाना जिला सोनीपत हरियाणा को जीआरपी दो दिन पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अभी गैंग का एक आरोपी फरार है। गैंग निजामुद्दीन, पुरानी दिल्ली, नई दिल्ली, आनंद विहार, गाजियाबाद से चलने वाली ट्रेनों में वारदात को अंजाम देता था।
टैटू बना गिरफ्तारी का कारण
पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के घायल यात्री ने बताया कि लुटेरे के हाथ पर टैटू बना था। इन तीनों आरोपियों के हाथों पर भी टैटू बना है। गिरोह के सरगना आकाश उर्फ विक्की की निशानदेही पर तीनों को दबोचा गया।
चार टीमों का गठन, जल्द होगा खुलासा
कुलकर्णी ने बताया कि मुरादाबाद आउटर पर चार वीआईपी ट्रेनों में डकैती और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। अभी तक की जांच में निकल कर आया कि घटना को अंजाम अलग-अलग गिरोह ने दिया है।