गाजियाबाद में हाईवे पर वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। रविवार रात एनएच-58 पर एक युवक पर गोलियां बरसाने की वारदात के बाद मंगलवार रात बदमाशों ने एनएच-24 पर राष्ट्रीय स्तर के पहलवान कपिल कुमार पर जानलेवा हमला किया।
बम्हैटा पुलिया के पास बाइक सवार नकाबपोश दो युवकों ने दिल्ली से लौट रहे पहलवान की कार पर ताबड़तोड़ चार राउंड फायर कर उन्हें मारने की कोशिश की। हमले में पहलवान बाल-बाल बचे। दो गोलियां उनकी गाड़ी में लगीं। दोनों बदमाश फायरिंग कर भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
वर्ष 2016 में नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीत चुके कपिल कुमार बम्हैटा गांव में परिवार के साथ रहते हैं। कपिल मंगलवार रात करीब 10 बजे दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम से प्रैक्टिस कर वापस घर लौट रहे थे।
एनएच-24 पर बम्हैटा पुलिया के सामने यू-टर्न लेने के दौरान सामने से बाइक सवार दो नकाबपोश युवक आए और उनकी कार पर फायरिंग शुरू कर दी। उन्होंने नीचे झुककर अपनी जान बचाई। बदमाश चार राउंड फायर कर लालकुआं की ओर भाग निकले। इस दौरान दो गोलियां कपिल की कार पर लगीं। बदमाशों के भागने के बाद उन्होंने फोन कर पुलिस और परिवार के लोगों को सूचना दी।