दिल्ली के न्यू उस्मानपुर में गर्भवती बबली (33) की पति ने गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति कालीचरण (38) को गिरफ्तार कर लिया है। बबली के परिजनों का आरोप है कि कालीचरण मकान बनाने के लिए तीन लाख रुपये मांग रहा था।
रुपये न देने पर उसने वारदात अंजाम दी। वहीं, पुलिस का कहना है कि आरोपी को पत्नी के चरित्र पर शक था। न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, नाईवाड़ा, गली नंबर-1, जगजीत नगर निवासी बबली की वर्ष 2000 में कालीचरण से शादी हुई थी। इनके तीन बेटी व एक बेटा है। फिलहाल, बबली पांच माह की गर्भवती थी।
बबली के पिता ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार सुबह उनके बेटे भोले शंकर के पास कालीचरण ने फोन किया और बबली की तबीयत खराब होने की बात कही। भोले शंकर फौरन नंदनगरी से बहन के ससुराल पहुंचा तो वह बिस्तर पर अचेत पड़ी थी।
उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कालीचरण से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात मान ली। कालीचरण ने पुलिस को बताया कि उसे पत्नी के चरित्र पर शक था, जिससे रात को सोते समय उसने गला घोंट दिया।