नोएडा के गढ़ी गांव में बुधवार सुबह नवविवाहिता के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया। महिला के परिजनों ने शव को सेक्टर-71 चौराहे पर रखकर जाम लगा दिया।
थाना सेक्टर-58 पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर करीब दो घंटे बाद जाम खुलवाया। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु से पहले चोट लगने का जिक्र है। मौत का कारण दम घुटना बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, होशियारपुर गांव निवासी तारा यादव ने बेटी ममता की शादी 19 अप्रैल 2013 को गढ़ी गांव निवासी आदेश यादव से की थी। पुलिस को दी शिकायत में ममता के भाई योगेश ने बताया कि ससुराल पक्ष ने उनसे पांच लाख रुपये की मांग की थी, जिसको लेकर ममता को प्रताड़ित किया जा रहा था।
बुधवार सुबह करीब छह बजे ससुर सतपाल का फोन आया कि ममता की करंट लगने से मौत हो गई है। ममता के मायके वाले जब गढ़ी गांव पहुंचे तो ससुराल वाले घर से फरार हो गए थे। वहीं, घर के बाहर नवविवाहिता का शव बिजली के तार के पास पड़ा था।
वहीं, हत्या की आशंका के चलते नवविवाहिता के परिजनों और ग्रामीणों ने सुबह आठ बजे उसके शव को सेक्टर-71 चौराहे रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीण ममता के ससुराल वालों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। करीब दो घंटे बाद पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया।
पांच पर हत्या का मामला दर्ज
सेक्टर-94 स्थित पोस्टमार्टम हाउस पर ग्रामीणों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया था। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने पति आदेश, ससुर सतपाल, सास कुसुम, नंद काजल व देवर पुष्पेंद्र के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। नवविवाहिता के परिजनों ने बताया कि घर के कमरे में सीलिंग फैन टूटा हुआ था। इससे शक है कि ससुराल वालों ने उसे पंखे पर लटकाया होगा।