पार्श्वनाथ एस्टेट के गार्ड और उसके इंचार्ज की गलती का खामियाजा कासना कोतवाली पुलिस को भुगतना पड़ रहा है। 11 वीं के छात्र की हत्या के बाद से पुलिस मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भटक रही है।
आरोपियों के घर व रिश्तेदारी में दबिश के बावजूद पुलिस को कामयाबी नहीं मिली है। हालांकि पुलिस आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का दावा कर रही है। बता दें कि 28 नवंबर को ओमीक्रॉन निवासी अमीचंद इंटर कॉलेज के 11 वीं के छात्र दीपक उर्फ सन्नी की पार्श्वनाथ एस्टेट के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने यहां पहुंचकर गार्ड रूम में दो घंटे तक सीसीटीवी फुटेज खंगाली थी और गार्ड व उसके इंचार्ज पूछताछ की थी। इस दौरान दोनों चुप्पी साधे रहे जबकि पूरे मामले की दोनों को जानकारी थी। इसका लाभ उठाकर सोसायटी में रहने वाले मुख्यारोपी दो भार्ई पुलिस की मौजूदगी में कार में सवार होकर भाग गए।
पुलिस तब से लेकर अब तक आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस पड़ताल में सामने आया था कि दीपक को उसका शिक्षक गार्ड से हुए विवाद का बदला लेने के लिए बुलाकर ले गया था। इस दौरान विवाद के बीच सोसायटी से निकले दो भाईयों में से एक ने गोली मारकर दीपक की हत्या की थी।