बुराड़ी में बसपा नेता और प्रॉपर्टी डीलर मुनव्वर हसन व उसके परिवार के सदस्यों की हत्या में शामिल एक बदमाश ने बृहस्पतिवार को बुराड़ी थाने में सरेंडर कर दिया। हालांकि पुलिस अधिकारी ने आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी पुलिस के गिरफ्त में है। उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी की पहचान जसवंत उर्फ राजा के रूप में हुई है। आरोपी मूलत: गांव समौली सलेमपुर मेरठ का रहने वाला है। उसने 12वीं की परीक्षा दी है।
पुलिस के मुताबिक वह तीन भाई व तीन बहन है। इसका बड़ा भाई विकास हत्या के मामले में जेल से बाहर निकला है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जसवंत मुनव्वर हसन की पत्नी और दोनों बेटियों की हत्या के साथ-साथ उसके दोनों बेटों की हत्या में शामिल रहा है।
इसके अलावा वह अन्य तीन सुपारी किलर के साथ मिलकर मुनव्वर की भी गोली मारकर हत्या करने में शामिल रहा है। पुलिस के मुताबिक एक अन्य आरोपी जावेद की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।