शक्ति खंड-3 में आम्रपाली फार्म हाउस के पास शुक्रवार रात शादी समारोह में आई एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने मंगलसूत्र लूट लिया। महिला के भतीजे ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे हाथ नहीं लगे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने फार्म हाउस पर लगे सीसीटीवी की जांच की, लेकिन उससे बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला।
दिल्ली स्थित वसुंधरा एंक्लेव निवासी आलोक जैन एक मीडिया कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर हैं। वह शुक्रवार रात पत्नी अनुपमा जैन के साथ शक्ति खंड तीन स्थित आम्रपाली फार्म हाउस में शादी में आए थे।
साथ में भतीजा अनमोल और छोटे भाई की पत्नी नीतू जैन भी थी। उन्होंने सभी को फार्म हाउस के पास उतार दिया और कार पार्क करने आगे चले गए। इसी बीच लाल रंग की पल्सर बाइक पर आए बदमाशों ने अनुपमा के गले से मंगलसूत्र झपट लिया।
अनुपमा के शोर मचाने पर भतीजे ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे भाग निकले। आलोक ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। पांच ही मिनट में एक पीसीआर मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने फार्म हाउस के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली, मगर लुटेरों का सुराग नहीं लगा। एसएचओ गोरखनाथ यादव ने बताया कि पीड़ित का भतीजा भी बदमाशों की बाइक का नंबर नहीं देख पाया। मामले की जांच की जा रही है।
नहीं है पुलिस का खौफ
जिस वक्त बदमाशों ने वारदात की, उसी समय पुलिस की पीसीआर घटनास्थल के आसपास ही मौजूद थी। फिर भी बदमाशों ने बेखौफ होकर वारदात की।
महिलाओं से लूट की घटनाएं
28 जनवरी 2016- नीतिखंड में शादी समारोह में हिस्सा लेने ली आई मंडोली निवासी महिला से सोने का हार लूटा
28जनवरी 2016- वैशाली सेक्टर-4 में पुलिसकर्मी बनकर महिला से कंगन लूटे
28दिसंबर 2015- भोपुरा में शिक्षिका से बैग लूटा
मॉल के बाहर से डीजीएम की पत्नी की स्कूटी चोरी
आदित्य मॉल के बाहर से शुक्रवार दोपहर को ओएनजीसी के डीजीएम की पत्नी की स्कूटी चोरी हो गई। वह स्कूटी मॉल के बाहर बनी पार्किंग में खड़ी करके मॉल में गई थीं। करीब 20 मिनट बाद वापस आईं तो स्कूटी चोरी हो चुकी थी।
उन्होंने चोरी की शिकायत पुलिस को दी है। वसुंधरा सेक्टर-18 निवासी अनीता गृहणी हैं। उनके पति ओएनजीसी में डीजीएम हैं। वह शुक्रवार दोपहर को बेटे के साथ आदित्य मॉल में शॉपिंग करने गई थीं।
उन्होंने स्कूटी बाहर पार्किंग में खड़ी कर दी। शॉपिंग करके करीब 20 मिनट बाद लौटीं तो उन्हें स्कूटी नहीं मिली। एसएचओ ने बताया कि स्कूटी की तलाश की जा रही है।