राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित स्कूटी के जोए होंडा शोरूम से 3.60 लाख रुपये चोरी होने का मामला पुलिस ने दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि शोरूम के शटर के ताले टूटे नहीं हैं।
अंदर लगे शीशे के गेट का ताला भी नहीं टूटा है तो ऐसी परिस्थितियों में चोरी कैसे हो सकती है। शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना वाले दिन बंद थे। स्कूटी का यह शोरूम अशोक विहार दिल्ली निवासी मुकुल ग्रोवर ने किराए पर खोला हुआ है।
पांच नवंबर को शोरूम मालिक मुकुल ग्रोवर ने अपनी सीट के पास बनी दराज से 3.60 लाख रुपये रखे थे। छह नवंबर की सुबह जब वे शोरूम पहुंचे तो दराज में पैसे नहीं मिले। उन्होंने इसकी शिकायत सेक्टर 31 थाना पुलिस को की।
जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी जयकिशन ने मौका मुआयना किया। शोरूम मालिक का कहना है कि चोर शोरूम में लगे कैंची टाइप गेट को किसी तरह खोलकर अंदर घुसे थे। लेकिन पुलिस को इस घटना में संशय लग रहा है। थाना प्रभारी जयकिशन का कहना है कि जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।