साइबर सिटी में बच्चियां कितनी सुरक्षित है इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। एक साल पहले गुड़गांव में जिस नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया था उसके साथ फिर छेड़छाड़ की गई।
लगातार कई दिनों से छेड़छाड़ से परेशान बच्ची ने जब अपनी जुबान खोली तो सभी सन्न रह गए। एक एनजीओ की सहायता से पुलिस में शिकायत दी गई तब जाकर कार्रवाई शुरु हुई है।
इस मामले में कोर्ट ने फैसला देते हुए पीड़िता को शेल्टर होम भेज दिया है साथ ही पुलिस को आरोपी को गिरफ्तार करने के आदेश दिए गए है।
10 महीने पहले हुआ था रेप
गौरतलब है कि पिछले साल जुलाई में झुग्गी झोंपड़ी में रहने वाली 10 वर्षीय बच्ची के साथ एक युवक ने रेप किया था। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
इस घटना को अभी एक साल भी नहीं बीता था कि सेक्टर-40 स्थित झुग्गी झोंपड़ी में रहने वाली मासूम पर फिर किसी की नजर लग गई।
बच्ची को उसकी झुग्गी में अकेला पाकर आरोपी उसके साथ अश्लील हरकत करता था। इस मामले की पैरवी कर रहे स्वयंसेवी संस्था सच्ची शिक्षा ट्रस्ट के सदस्यों को जब इसकी जानकारी मिली तो वे सन्न रह गए।
डर के मारे सहमी बच्ची
इस संबंध में सेक्टर-40 थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने टीम ने जांच में पाया कि झोपड़ी में अकेला पाकर एक अज्ञात शख्स पिछले कई दिनों से बच्ची से अश्लील हरकत कर रहा था।
बच्ची इतनी ज्यादा सहमी हुई है कि वो कुछ बता नहीं पा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरु कर दी है।
साथ ही कोर्ट ने पीड़िता और उसके छोटे भाई को उसके पिता की कस्टडी से हटाते हुए उन्हें शेल्टर होम में भेज दिया है।