मंगोलपुरी स्थित संजय गांधी अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती एक महिला की छोटी बहन से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। आरोप अस्पताल के एक मेल नर्स पर है।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मेल नर्स के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था।
पुलिस के अनुसार ज्वालाहेड़ी इलाके की रहने वाली एक महिला प्रसव के लिए संजय गांधी अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड में भर्ती है।
देखरेख के लिए उसकी छोटी बहन भी अस्पताल में रहती है। रविवार रात वार्ड में मेल नर्स उमेद सिंह (30) की ड्यूटी थी। आरोप है कि रात करीब 10:30 बजे उमेद युवती के पास आकर उससे छेड़छाड़ करने लगा। युवती के विरोध के बावजूद उमेद छेड़छाड़ करता रहा।
उसके बाद युवती ने शोर मचा दिया। शोर होने पर उमेद वहां से चला गया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। युवती की शिकायत पर मंगोलपुरी थाना पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर आरोपी उमेद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था। घटना के बाद से अस्पताल में रहने वाली महिला तीमारदार डरी-सहमी हुई हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।