गाजियाबाद के बीबीनगर में स्कूल में परीक्षा देने गई कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा को बंधक बनाकर छेड़छाड़ करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्रा स्कूल से घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने तलाश शुरू की।
स्कूल पहुंचने पर छात्रा चपरासी के कमरे में बदहवास हालत में पाई गई। गुस्साए लोगों ने चपरासी की पिटाई के बाद प्रधानाचार्य से भी हाथापाई की। मामले को लेकर जमकर हंगामा हुआ।
छात्रा के घरवालों की तहरीर पर स्कूल के चपरासी के खिलाफ बंधक बनाकर छेड़खानी करने का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने आरोपी चपरासी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
भीड़ के पाले पड़ा चपरासी, जमकर हुई धुनाई
कस्बे की रहने वाली एक छात्रा राजकीय कन्या इंटर कालेज में कक्षा 11 में पढ़ती है। शनिवार को वह विद्यालय में पेपर देने गई थी। पेपर देने के बाद छात्रा घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने विद्यालय जाकर चपरासी से पूछताछ की।
चपरासी ने परिजनों को संतोषजनक जवाब नहीं दिया जिससे उन्हें शक होने लगा। छात्रा के लापता होने से परिजन परेशान हो उठे। स्कूल में काफी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित परिजनों ने चपरासी के कमरे की तलाशी ली तो छात्रा वहां बदहवासी की हालत में मिली। इसके बाद भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया।
कॉलेज की प्रधानाचार्य छात्रा को अपनी गाड़ी से अस्पताल ले जाने लगीं लेकिन गुस्साए लोगों ने उसने भी हाथापाई की। भीड़ ने दूसरी गाड़ी में सवार चपरासी देवेंद्र सिंह की जमकर पिटाई की।
65 साल की उम्र में ऐसी करतूत
मारपीट और हंगामे की खबर पाकर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी चपरासी को हिरासत में ले लिया। छात्रा के पिता की पिता की तहरीर पर बीबीनगर थाने में बंधक बनाने और छेड़खानी करने का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
कक्षा 11 की छात्रा से छेड़खानी करने के आरोप में जेल गए चपरासी की उम्र 65 साल के करीब है। बूढ़ा चपरासी छात्रा को बहाने से अपने कमरे में लेकर पहुंचा और वहीं बंधक बनाकर अश्लील हरकत करने लगा। फिलहाल छात्रा सहमी हुई है।
पुलिस ने छात्रा का बयान दर्ज कर लिया है। मामले से पूरे कालेज में अफरातफरी का आलम रहा। घटना को लेकर अभिभावकों में आक्रोश है।