दिल्ली में रोहिणी सेक्टर-3 स्थित सेंट गिरी स्कूल में तीसरी कक्षा की छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। बच्ची और परिजनों ने आरोपी लैब टेक्नीशियन के खिलाफ रोहिणी साउथ थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो के तहत मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, स्कूल प्रशासन ने उसे बर्खास्त कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, रोहिणी सेक्टर-3 निवासी आठ वर्षीय बच्ची काफी दिनों से स्कूल जाने से कतरा रही थी और पेट में दर्द होने की शिकायत कर रही थी। परिजनों ने 4 नवंबर को उसे एक निजी क्लीनिक में दिखाया। दवा लेने के बाद बच्ची परिजनों के साथ घर आ गई।
परिजनों ने सुबह उसे स्कूल जाने के लिए कहा तो बच्ची रोने लगी। कारण पूछने पर उसने बताया कि काफी दिनों से लैब टेक्नीशियन उससे गलत हरकत कर रहा है जिससे उसके पेट में दर्द हो रहा है। बच्ची को लेकर परिजन स्कूल पहुंचे तो उसने आरोपी की पहचान कर ली।
परिजनों ने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद बच्ची का मेडिकल करवाया और मामला दर्ज करके आरोपी हरेंद्र (40) को गिरफ्तार कर लिया। मालूम हो कि सितंबर में रोहिणी स्थित दो प्ले स्कूल में भी बच्चियों से छेड़छाड़ के मामले सामने आ चुके हैं।