नोएडा सेक्टर-30 स्थित जिला अस्पताल में रविवार देर रात महिला गार्ड से छेड़छाड़ के आरोप का मामला प्रकाश में आया है। यह आरोप अस्पताल के पुरुष नर्स पर लगा है। सूचना पर मौके पर पहुंची थाना सेक्टर-20 पुलिस मेल नर्स को पकड़कर ले गई।
अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक दूसरी मंजिल पर स्थित मेडिसिन वार्ड में महिला गार्ड की ड्यूटी थी। उसका आरोप है कि रात करीब दो बजे वही ड्यूटी कर रहे मेल नर्स ने उससे छेड़छाड़ की। इसकी जानकारी उसने इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर को दी, जिसके बाद उन्होंने मेल नर्स द्वारा दोबारा इस तरह की गलती करने पर कार्रवाई की बात कही।
नर्स का आरोप है कि मेल नर्स ने हरकत दोहराई, जिसके बाद शिकायत पर इमरजेंसी डॉ. रवींद्र ने पुलिस को मामले की सूचना दी। हालांकि पुलिस को फोन करने के बाद उन्होंने इसकी सूचना अस्पताल के सीएमएस को नहीं दी।
मौके पर पहुंची पुलिस नर्स को पकड़कर थाने ले गई। थाना सेक्टर -20 प्रभारी रीता यादव का कहना है कि जिला अस्पताल से मेल नर्स को पकड़कर थाने लाया गया था। सोमवार को दोनों पक्षों में समझौता हो गया। गार्ड ने नर्स के खिलाफ लिखित शिकायत नहीं दी है।