तिबड़ा रोड पर शनिवार रात आकाश ज्वैलरी शॉप के ताले तोड़कर चोर ढाई किलो सोना और एक क्विंटल चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। रविवार सुबह वारदात का पता चला।
एक करोड़ से अधिक की चोरी होने से पुलिस में हड़कंप मचा है। एसपी रूरल राकेश पांडे चौकी प्रभारी सुरेश पाल सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है।
वारदात के वक्त चोरों ने शॉप के आसपास 500 मीटर तक मकानों की बाहर से कुंडी लगा दी थी, कुछ मकानों के गेट रस्सी बांधकर बंद कर दिए थे।
फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड से जांच कराई गई। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश कर रही है। व्यापारियों में गुस्सा और दहशत है।
आकाश ज्वैलरी शॉप तिबड़ा रोड निवासी रामकिशन वर्मा की है, जो रिटायर्ड पशु चिकित्सक हैं। उन्होंने मकान के नीचे ही ज्वैलरी शॉप खोल रखी है, जिस पर उनका बेटा जगमोहन वर्मा बैठता है।
जगमोहन वर्मा के मुताबिक, वारदात शनिवार रात करीब ढाई बजे हुई है। वह मकान की दूसरी मंजिल पर सोए थे। पिता दुकान के पिछले हिस्से में बने कमरे में सोए थे।
रात में शटर के उठने की आवाज सुनकर उन्होंने पिता को फोन किया। पिता ने मकान का बाहर से दरवाजा बंद देख शोर मचाया।
शोर सुनकर वह भी नीचे आ गए और किसी तरह दरवाजा खोलकर बाहर निकले। दुकान के ताले टूटे हुए थे। शटर उठाने पर चोरी का पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चोरों की तलाश की।
जगमोहन शर्मा ने बताया कि चोर अलमारी का ताला तोड़कर करीब ढाई किलो सोना और एक क्विंटल चांदी के जेवर ले गए, जिनकी कीमत एक करोड़ से अधिक है। रामकिशन वर्मा की ओर से तहरीर दी गई है। पुलिस जांच कर रही है।
नहीं चालू कराए गए सीसीटीवी कैमरे
पुलिस का दावा है कि एक सप्ताह पहले व्यापारी को सीसीटीवी कैमरे चालू कराने की हिदायत दी गई थी। शनिवार को दुकान बंद करते हुए व्यापारी के परिजन सेंटर लॉक लगाना भूल गए और चाभी भी लगी छोड़ दी। शॉप में तिजोरी की जगह सामान्य अलमारी थी।